सेंटर की नि:शुल्क फोन सेवा

सार्वजनिक वितरण प्रणाली - कॉल सेंटर की नि:शुल्क फोन सेवा के उत्साह जनक नतीजद्म
शिकायतों की त्वरित जांच के बाद 185 दुकानें निरस्त
हिरासत में लिए गए एक सौ आरोपी
लगभग बीस हजार क्विंटल खाद्यान्न जब्त

छत्तीसगढ़ रायपुर, 14 जुलाई 2009 - छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुचारू संचालन में जन भागीदारी बढ़ाने के लिए दी जा रही नि:शुल्क टेलीफोन सेवा के उत्साह जनक नतीजे मिलने लगे हैं।

इस नि:शुल्क सेवा के तहत राजधानी रायपुर में स्थापित कॉल सेंटर के टेलीफोन नम्बर 1800-233-3663 पर आम जनता से मिली विभिन्न शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उचित मूल्य की 185 दुकानों को निरस्त कर, 19 हजार 845 क्विंटल खाद्यान्न जब्त किया गया और 39 प्रकरणों में पुलिस थानों में एफ.आई.आर. दर्ज हुए। विभिन्न गंभीर प्रकरणों में एक सौ आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस नि:शुल्क कॉल सेंटर में राशन दुकानों के काम-काज और समर्थन मूल्य नीति के तहत सहकारी समितियों में की जाने वाली धान खरीदी को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत टेलीफोन के जरिए दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत कर्ता को उसकी शिकायत का पंजीयन क्रमांक भी टेलीफोन पर तुरंत बता दिया जाता है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा यह कॉल सेंटर यहां कचहरी चौक स्थित बाल आश्रम परिसर में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के मुख्यालय में संचालित किया जा रहा है। कॉल सेन्टर प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से शाम 7 बजे तक खुला रहता है।

विभागीय अधिकारियों ने यह भी बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित जन-शिकायतों के यथा संभव तुरंत निराकरण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर विभाग द्वारा यह कॉल सेंटर विगत 21 जनवरी 2008 से शुरू किया गया है। कॉल सेन्टर में अब तक तीन हजार 146 शिकायतें दर्ज की गई है। इनमें से दो हजार 984 शिकायतों का निराकरण किया गया। शिकायतों की त्वरित जांच कराई गयी। प्राप्त शिकायतों में से 937 शिकायतें सही पाई गयी और दो हजार 047 शिकायतें गलत निकली। वर्तमान में 162 मामलों का निराकरण बाकी है। प्राप्त शिकायताें पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 39 प्रकरणों में पुलिस में प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। एक सौ आरोपी हिरासत में लिए गए, जबकि 185 दुकानों को निरस्त कर दिया गया और 19 हजार 815 क्विंटल खाद्यान्न जब्त कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में नागरिक आपूर्ति निगम के डिपो से उचित मूल्य की दुकानों के लिए भेजे जाने वाले अनाज, शक्कर, मिट्टी तेल आदि हर प्रकार की उपभोक्ता सामग्री के परिवहन, भण्डारण और वितरण की जानकारी प्राप्त करने के लिए आम नागरिक अपने मोबाईल नम्बर भी कॉल सेंटर में दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग की वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन (www.cg.nic.in/khadya) पर भी नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। वेबसाईट में दर्ज शिकायत के बारे में शिकायत कर्ता को एक कोड नम्बर दिया जाएगा। इस कोड नम्बर के आधार पर वह अपनी शिकायत के निराकरण की प्रगति का ब्यौरा प्राप्त कर सकता है।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.