विद्युत नियामक आयोग भिलाई जन सुनवाई

रायपुर, 13 जुलाई 2009 - छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र के टाऊनशिप में विद्युत दर निर्धारण के लिए आगामी 18 जुलाई को जन सुनवाई का आयोजन किया जाएगा। आयोग के सचिव ने आज यहां बताया कि यह जन सुनवाई भिलाई नगर के सेक्टर-08 स्थित बी.एस.पी. हायर सेकेण्डरी स्कूल के बहुउद्देश्यीय सभा कक्ष में अपरान्ह 3.30 बजे होगी।

इसमें टैरिफ और बिजनेस प्लान पर जन सुनवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र (विद्युत वितरण अनुज्ञप्तिधारक) द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष वर्ष 2009-10 की वार्षिक राजस्व आवश्यकता और विद्युत उपभोक्ताओं के लिए टैरिफ (विद्युत प्रदाय दर) निर्धारण के लिए याचिका प्रस्तुत की गई है। इस याचिका पर आयोग ने आम जनता से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की थीं।

इसी तारतम्य में प्राप्त आपत्तियों पर जन सुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। जिन लोगों ने लिखित आपत्ति दी है वे और जिन्होंने लिखित आपत्ति नहीं की हैं, वे भी इस जन सुनवाई में शामिल होकर आयोग के सामने अपना पक्ष लिखित रूप में रख सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ राज्य नियामक आयोग के सिविल लाईन, जी.ई.रोड रायपुर स्थित कार्यालय से टेलीफोन नम्बर 0771-4048788 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.