मुख्यमंत्री ने की हौसला अफजाई
रायपुर, 13 अक्टूबर 2009 - छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज यहां उनके निवास पर छत्तीसगढ़ के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों श्री संजय मिश्रा और सुश्री संगीता राजगोपालन ने सौजन्य मुलाकात की, जिन्होंने हाल ही में स्पेन में आयोजित वर्ल्ड बेडमिंटन चैपियनशिप में भारतीय टीम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।
इनमें से भिलाई नगर के श्री संजय मिश्रा ने कांस्य पदक जीता जबकि सुश्री राजगोपालन क्र्वाटर फाइनल तक पहुंची। मुख्यमंत्री ने इन खिलाड़ियों को उनकी इस शानदार उपलब्धियों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर के युवा खिलाड़ी संजय मिश्रा ने 27 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2009 तक स्पेन के ओंटा अम्ब्रिया शहर में आयोजित वर्ल्ड बेडमिंटन चेम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीता। वर्ल्ड बेडमिंटन फेडरेशन द्वारा आयोजित इस चेम्पियनशिप में हिस्सा लेने गयी इंडिया टीम के 34 सदस्यीय दल में छत्तीसगढ़ के आठ खिलाड़ी शामिल थे।
देश के 17वें नंबर के बेडमिंटन खिलाड़ी संजय मिश्रा के अलावा छत्तीसगढ़ की सुश्री संगीता राजगोपालन भी इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में क्वार्टर फायनल तक पहुंची। इन खिलाड़ियों ने आज यहां मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर मुलाकात करके उन्हें अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को उनकी इन उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बेडमिंटन कोच श्री विद्या भूषण दुबे ने इस अवसर पर बताया कि सुश्री राजगोपालन ने सिविल सर्विसेज नेशनल बेडमिंटन चेम्पियनशिप में लगातार तीन बार वर्ष 2006-07 से वर्ष 2008-09 में नेशनल चेम्पियन रही हैं।
मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री विक्रम सिसोदिया और राज्य बेडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नीलू भाटिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Comments
Post new comment