रुस्तम सारंग और अजयदीप सारंग शाबाश

मुख्यमंत्री ने सारंग बंधुओं की शानदार कामयाबी पर दी शाबाशी
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया

रायपुर, 02 नवम्बर 2009 मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राष्ट्र मंडलीय खेलों की भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में स्वर्ण तथा रजत पदक विजेता छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी भाईयों - रुस्तम सारंग और अजयदीप सारंग को उनकी इस शानदार कामयाबी पर शाबाशी और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सिंह ने उन्हें भविष्य में होने वाली राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शामिल होने की तैयारी के लिए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

मुख्यमंत्री से आज रात यहां उनके निवास पर रूस्तम और अजयदीप सारंग ने सौजन्य मुलाकात की और उन्हें मलेशिया के पिनांग शहर में पिछले माह आयोजित राष्ट्र मंडलीय खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में प्राप्त स्वर्ण तथा रजत पदक के बारे में बताया। डॉ. सिंह ने कहा कि रायपुर निवासी इन युवा खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है। मुख्यमंत्री से सारंग बंधुओं की सौजन्य मुलाकात के दौरान स्कूल शिक्षा, पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, जल संसाधन और उच्च शिक्षा मंत्री श्री हेमचंद यादव तथा सारंग बंधुओं के पिता श्री बुधराम सारंग सहित स्थानीय जय सतनाम पारा व्यायामशाला गुढ़ियारी के अनेक खिलाड़ी भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के इन दोनों उभरते खिलाड़ियों ने विगत 19 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक मलेशिया के पिनांग शहर में आयोजित 'कॉमनवेल्थ सीनियर एंड जूनियर वेटलिफिटंग चैम्पियनशिप 2009' में देश की राष्ट्रीय टीम के सदस्य के रुप में शामिल हो कर एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। रुस्तम सारंग ने इस चैम्पियनशिप में 62 किलोग्राम सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक और अजयदीप सारंग ने 77 किलो जूनियर वर्ग में रजत पदक जीता है। मुख्यमंत्री ने इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल और जल-संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव, इन खिलाड़ियों के पिता और कोच श्री बुधराम सारंग भी इस अवसर पर उपस्थित थे। ज्ञातव्य है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्री रुस्तम सारंग को भारोत्तोलन में उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए कल एक नवम्बर को राजधानी रायपुर में राज्योत्सव 2009 के उद्धाटन समारोह में राज्य खेल अलंकरण 'गुण्डाधूर सम्मान' प्रदान किया गया। राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हन ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में श्री रुस्तम सारंग को यह सम्मान प्रदान किया। यह भी उल्लेखनीय है कि श्री रूस्तम सारंग को इसके पहले छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शहीद कौशल यादव सम्मान तथा शहीद राजीव पाण्डेय खेल पुरस्कारों से और श्री अजयदीप सारंग को शहीद कौशल यादव खेल पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.