कबड्डी, हॉकी, नेटबाल और रोप स्कीपिंग स्पर्धाओं की मेजबानी छत्तीसगढ को मिली
रायपुर, 28 जुलाई 2009 - छत्तीसगढ़ में चालू शिक्षा सत्र में राष्ट्रीय क्रीड़ा शालेय प्रतियोगिता के अन्तर्गत कबड्डी (बालक#बालिका 14 वर्ष), हॉकी (बालक#बालिका 14 वर्ष), नेटबाल (बालक#बालिका 17 वर्ष) तथा रोप स्कीपिंग (बालक#बालिका 19 वर्ष) की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा इन प्रतियोगिताओं की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दी गई है। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज विधानसभा के समिति कक्ष-02 में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता समिति की बैठक में इन स्पर्धाओं के आयोजन की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की ।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि माह अक्टूबर 2009 में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनूसार कबड्डी और नेटबाल की स्पर्धाएं रायपुर में तथा हॉकी और रोप स्कीपिंग की स्पर्धाएं राजनांदगांव में सम्पन्न कराई जाएंगी। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने इस कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए समुचित तैयारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियाें को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्री अग्रवाल ने सायकल पोलो तथा जम्प रोप की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी छत्तीसगढ़ में आयोजित करने का प्रस्ताव स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए खेलों की प्रतियोगिताएं होने से यहां के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और आगे चल कर वे भी इन खेलों में अपनी पहचान बना सकेंगे । श्री अग्रवाल ने सायकल पोलो और जम्प रोप की राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए दुर्ग-भिलाई को उपयुक्त बताते हुए इस बात का भी जिक्र प्रस्ताव में करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में मई 2009 में लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया को भेजे गए पत्र में बास्केटबाल, नेटबाल, हॉकी, थ्रोबाल, कैरम, खोखो, कबड्डी और जम्प रोप की प्रतियोगिताएं छत्तीसगढ़ में आयोजित कराने की मांग की गई थी।
Comments
Post new comment