रायपुर एम्स

329 करोड़ रूपए में बनेगा रायपुर एम्स अस्पताल और महाविद्यालय परिसर, निर्माण अगले डेढ़ वर्षों में होगा

रायपुर, 03 नवम्बर 2009 छत्तीसगढ़ का बहुप्रतीक्षित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान अगले डेढ़ वर्षों में तैयार हो जाएगा। कुल 329 करोड़ रूपए की लागत वाली इस परियोजना के तहत चिकित्सा महाविद्यालय, छात्रावास और अस्पताल परिसर बनेगा। इसमें मरीजों के लिए 960 बिस्तरों की सुपर स्पेशिलिटी सुविधा होगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विशेष पहल पर भारत सरकार द्वारा इस संस्थान की मंजूरी दी गई है। रायपुर में यह संस्थान पुराना टी.बी. अस्पताल परिसर टाटीबंध में प्रस्तावित है। भारत सरकार द्वारा इस संस्थान के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रायपुर का आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान दो पैकेज में बनेगा। पहले पैकेज में महाविद्यालय और छात्रावास काम्पलेक्स का निर्माण होगा। इस पर लगभग 123 करोड़ रूपए का व्यय आएगा।

पहले पैकेज के निर्माण के लिए पन्द्रह माह की समय सीमा रखी गई है। दूसरे पैकेज में 206 करोड़ रूपए की लागत से सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल काम्पलेक्स का निर्माण होगा। इसके निर्माण के लिए दो वर्ष की समय-सीमा तय की गई है। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत रायपुर सहित देश के छह शहरों भोपाल, भुवनेश्वर, जोधपुर, पटना और ऋषिकेश में आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान (एम्स) की स्थापना की जा रही है। रायपुर में प्रस्तावित आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा के साथ ही 960 बिस्तरों का मल्टी स्पेशिलिटी और सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल होगा। संस्थान में अलग-अलग विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में एक सौ स्नातक और स्नातकोत्तर पाठयक्रम की भी सुविधा होगी। संस्थान का स्वंय का एक अलग से नर्सिंग महाविद्यालय और उससे संबंधित सुविधा भी होगी।

छत्तीसगढ़ का यह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान स्वास्थ्य, चिकित्सा, नर्सिंग शिक्षा और बायो मेडिकल रसर्च क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेगा। यहां मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध होगा। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में सरकारी क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा और सुपर स्पेशिलियटी अस्पताल होगा। वर्तमान में रायपुर का डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल छत्तीसगढ़ में सरकारी क्षेत्र का आधुनिक सुविधाओं से युक्त सबसे बड़ा अस्पताल है। रायपुर में आयुर्विज्ञान संस्थान की स्थापना से छत्तीसगढ़ के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.