छत्तीसगढ़ राज्य में आज से शुरू होंगे वाणिज्यिक कर विभाग के आठ नए वृत्त कार्यालय
रायपुर, 30 जून 2009 - छत्तीसगढ़ में कल एक जुलाई को वाणिज्यिक कर विभाग की पुनर्गठन योजना के तहत आठ नए वृत्त कार्यालयों का एक साथ शुभारंभ होने जा रहा है। इनमें से चार नए वृत्त कार्यालय राजधानी रायपुर में स्थापित किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल एक जुलाई को स्थानीय जेल रोड स्थित सांई नगर में सवेरे 10.30 बजे आयोजित समारोह में इनका उद्धाटन करेंगे। वाणिज्यिक कर, राजस्व और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में लोक निर्माण, स्कूल शिक्षा और पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल और नगर निगम रायपुर के महापौर श्री सुनील सोनी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास और लगातार बढ़ते व्यापार-व्यवसाय को ध्यान में रख कर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह उद्यमियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए वाणिज्यिक कर विभाग के वृत्त कार्यालयों के पुनर्गठन के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के अनुरूप विभाग द्वारा रायपुर में चार और जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग तथा रायगढ़ में एक-एक नए वृत्त कार्यालय स्थापित किए गए हैं। विभाग द्वारा एक जुलाई से इन कार्यालयों को शुरू करने की अधिसूचना लगभग एक महीने पहले जारी कर दी गई है। इसी कड़ी में कल पहली जुलाई को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप जगदलपुर में और जल संसाधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री हेमचंद यादव दुर्ग में वाणिज्यिक कर विभाग के नए वृत्त कार्यालयों का उद्धाटन करेंगे।
Comments
Post new comment