गृह मंत्री ने किया कोरकोट्टी का दौरा
नक्सल वारदात के घटना स्थल का निरीक्षण
हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ने पर नक्सलियों को मिलेगा करारा जवाब : श्री कंवर
बहुत ऊंचा है हमारे पुलिस जवानों का हौसला
रायपुर, 17 जुलाई 2009 - छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री श्री ननकीराम कंवर ने आज राजनांदगांव जिले के मानपुर तहसील स्थित ग्राम कोरकोट्टी पहुंचकर मदनवाड़ा के पास नक्सल वारदात के घटनास्थल का दौरा किया, जहां विगत रविवार 12 जुलाई को नक्सलियों का मुकाबला करते हुए राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार चौबे सहित 25 जवान शहीद हो गए थे। श्री कंवर ने आज घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान मौजूद राज्य पुलिस और सी.आर.पी.एफ. के जवानों से मुलाकात की।
श्री कंवर ने उनसे चर्चा के दौरान कहा कि अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी वे देश और राज्य की जनता की रक्षा के लिए नक्सलियों के खिलाफ हिम्मत के साथ मोर्चे पर तैनात हैं। श्री कंवर ने जवानों के इस हौसले की प्रशंसा की। गृह मंत्री ने घटना स्थल के निरीक्षण के बाद कहा कि नक्सलियों से चारों तरफ घिर जाने के बावजूद हमारे सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों ने अदम्य साहस के साथ नक्सलियों का मुकाबला किया।
गृह मंत्री ने लोकतंत्र और देश की रक्षा के लिए नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने का ऐलान करते हुए कहा कि हमारे जवानों का हौसला बहुत ऊंचा है। नक्सली यदि हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ेंगे, तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। श्री कंवर ने नक्सल प्रभावित इलाकों में जन-जीवन की सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों को हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए।
गृह मंत्री के साथ इस दौरे में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री विश्वरंजन, गृह विभाग के प्रमुख सचिव श्री एन.के.असवाल, पुलिस महानिरीक्षक श्री मुकेश गुप्ता भी उनके साथ थे। जिला कलेक्टर डॉ. रोहित यादव और प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री पी. सुन्दर राज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी वहां मौजूद थे। गृह मंत्री ने अधिकारियों के साथ कोरकोट्टी पहुंच कर घटना स्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया। श्री कंवर को पुलिस महानिरीक्षक श्री मुकेश गुप्ता और सी.आर.पी.एफ. के डिप्टी कमांडेंट श्री एल.डेविड ने नक्सल वारदात की पूरी जानकारी दी। ज्ञातव्य है कि मानपुर-कोहका-औंधी मार्ग के दोनों ओर जंगल और खाई हैं, जिनमें नक्सलियों ने छुप कर पुलिस बल पर कायरतापूर्ण हमला किया।
Comments
Post new comment