पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण मंजूर

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बिलासपुर जिले के जनपद पंचायत मुंगेली की अध्यक्ष श्रीमती मालिका सिंह के अनुरोध पर ग्राम घुठेली जैरतमी मार्ग में टेसुआ नाले में पुलिया निर्माण, संबलपुर से करूपान तक 3 किलोमीटर डब्ल्यू.बी.एम. सड़क निर्माण एवं ग्राम अमलीडीह, जमकोट तथा खम्हरिया में गली कांक्रीटीकरण के प्रस्ताव पर अपनी सैध्दांतिक मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. सिंह आज सवेरे अपने आवासीय परिसर में आम जनता की समस्या सुन रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भेंटकर अपनी-अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। छत्तीसगढ़ राज्य हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी भी इस मौके पर उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सा सहायता के अनेक प्रकरणों का निबटारा भी किया।

रायपुर, 28 सितंबर 2007

मुख्यमंत्री ने धमतरी जिले के कुरूद विकासखण्ड के ग्राम चरोटा के श्री कृष्ण कुमार के बिमारी के इलाज एवं नेहरू वार्ड अम्बिकापुर की श्रीमती सुकमानिया बाई तथा दुर्ग के पदनाभपुर की कुमारीबाई यादव के कैंसर के इलाज से संबंधित मिले आवेदनों पर उनके नि:शुल्क उपचार के लिए अम्बेडकर अस्पताल रायपुर से स्टीमेट मंगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री से बस्तर जिले के केशकाल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तितरबंड के आश्रित ग्राम-पिटिसपाल से आये ग्रामीणों के एक प्रतिनिधि मंडल ने विद्युत संबंधी समस्या के निराकरण का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में उचित कार्यवाही का भरोसा प्रतिनिधि मंडल को दिया। मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में सर्वश्री मोहरलाल, मोहनलाल शोरी, देवसिंह, बंशीलाल, रामजी नेताम, तुलसीदास, धनीराम, जयसिंह, शोभाराम, कोलूराम सहित अनेक किसानों के हस्ताक्षर है। इसी क्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री सुखमन नेताम ने फरसगांव विकासखण्ड के ग्राम पंचायत लंजोड़ा के टोलापारा में विद्युत लाइन के विस्तार का आग्रह किया। केशकाल जनपद पंचायत के सदस्य श्री तरूण समरथ के नेतृत्व में आये ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल ने ग्राम पंचायत निराछिन्दली के आश्रित ग्राम कछारपारा में विद्युतीकरण की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने परीक्षण कर उचित कार्रवाई का भरोसा प्रतिनिधि मंडल को दिलाया। छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री टी.एस.राणा ने लोक निर्माण विभाग में कार्यरत स्थायी गैंगमेन श्रमिकों के नियमितीकरण का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के जनपद पंचायत साजा के सदस्य श्री शैलेन्द्र शर्मा के अनुरोध पर ग्राम टिपनी में मंगलभवन की मंजूरी दी। इसका निर्माण अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने रायपुर जिले के झेरिया यादव समाज भटगांव परिक्षेत्र के अध्यक्ष श्री अहिरलाल यादव के अनुरोध पर सामुदायिक भवन की स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कबीरधाम जिले के भरलीखरहट्टा निवासी श्री तांतूराम चन्द्रवंशी के अनुरोध पर ग्राम उत्कर्ष योजना के अंतर्गत गली कांक्रीटीकरण की मंजूरी दी।

सहसपुर लोहारा विकासखण्ड के ग्राम गोरखपुर में जनभागीदारी से संचालित हाईस्कूल के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री राधेश्याम ने हाईस्कूल के शासकीयकरण का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने इसका परीक्षण कर आगामी शिक्षा सत्र से उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने सामाजिक कार्यकर्ता श्री राजेश साहू के अनुरोध पर बस्तर जिले के बांसकोट (विकासखण्ड-बड़ेराजपुर) में शासकीय उचित मूल्य की दुकान निर्माण एवं गोदाम भवन की मंजूरी दी।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.