पुरैना में 500 मेगावॉट के पावर प्लांट

केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री ने पुरैना में 500 मेगावॉट के पावर प्लांट का शुभारंभ किया

रायपुर, 12 जुलाई 2009 - मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मौजुदगी में आज केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री सुशील कुमार शिंदे ने दुर्ग जिले के पुरैना स्थित एन. एस. पी. सी. एल. के 500 मेगावॉट क्षमता के फुल लोड पॉवर प्लांट को बटन दबाकर प्रचालित किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात मंत्री श्री वीरभद्र सिंह, केन्द्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्री भरत सोलंकी भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि एन. टी. पी. सी. और सेल के संयुक्त उपक्रम में पुरैना में 250 मेगावॉट की दो विद्युत यूनिट स्थापित की गई है। पहली यूनिट ने 20 अप्रैल 08 को विद्युत उत्पादन शुरू कर दिया था। इसकी 250 मेगावाट की दूसरी युनिट में आज से विद्युत उत्पादन प्रारंभ हुआ है। एन. एस. पी. सी. एल. का 500 मेगावॉट क्षमता वाला पॉवर प्लांट छत्तीसगढ़ के लिए वरदान साबित होगा। पॉवर प्लांट में 500 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रारंभ होने के बाद एक तरफ जहां भिलाई इस्पात संयंत्र को बाहर से बिजली नही खरीदनी पड़ेगी वहीं दूसरी तरफ एन. एस. पी. सी. एल. शेष बिजली को बाहर बेच सकेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी को संकट के समय सहयोग प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, केन्द्रीय मंत्रीगण एवं अन्य अतिथियों ने एन. एस. पी. सी. एल. संयंत्र परिसर में वृक्षारोपण भी किये। कार्यक्रम में राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री पुन्नू लाल मोहले, सांसद (राज्यसभा) श्री मोती लाल वोरा, सांसद (लोकसभा) सुश्री सरोज पांडेय एवं श्री चरणदास महंत, संसदीय सचिव श्री विजय बघेल, विधायक श्री बदरूद्दीन कुरैशी एवं श्रीमती प्रतिभा चन्द्राकर, केन्द्रीय विद्युत सचिव श्री हरिशंकर ब्रम्हा, छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन, एन. टी. पी. सी. के अध्यक्ष श्री रामशरण शर्मा, सेल के चेयरमेन श्री एस.के. रूंगटा, छत्तीसगढ़ के प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री डी. एस. मिश्रा, संयुक्त सचिव (विद्युत) श्री आई. सी. पी. केसरी, संयुक्त सचिव इस्पात श्री जार्ज इलियास, भेल के सी. एम. डी. श्री रविकुमार, आर.ई. सी. के सी. एम. डी. श्री उमा शंकर, एन. एस. पी. सी. एल. के चेयरमेन श्री आर. सी. श्रीवास्तव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री डी.के. चौधुरी व विद्युत संयंत्र के महाप्रबंधक श्री व्ही. डी. परांजपे, जिले के प्रभारी कलेक्टर श्री एस. प्रकाश एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.