पर्यावरण संरक्षण गहिरा गुरू पुरस्कार

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली संस्था को मिलेगा दो लाख रूपए का गहिरा गुरू पुरस्कार
प्रविष्टियां 10 अगस्त तक आमंत्रित
रायपुर, 04 जुलाई 2009 - छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा संत गहिरा गुरूजी महाराज राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार के लिए 10 अगस्त 2009 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली संगठनों और संस्थाओं को पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा प्रति वर्ष यह पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार के तहत दो लाख रुपए राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने आज बताया कि पर्यावरण को प्रदूषित करने वाली इकाईयों को दंडित करने के साथ ही राज्य शासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है।

इसके तहत प्रदूषण मुक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने वाले उद्योग, स्वयंसेवी संस्थाएं, पंचायती राज संस्थाएं और नगरीय निकायों में से सर्वश्रेष्ठ संस्था को गहिरा गुरू पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक संस्थाएं राजधानी के तिलक नगर शिव मंदिर चौक अवंति विहार रायपुर स्थित पर्यावरण संरक्षण मण्डल के मुख्यालय में 10 अगस्त 2009 तक अपनी प्रविष्टियां प्रस्तुत कर सकते हैं।

मण्डल के सदस्य सचिव श्री पी.व्ही. नरसिंग राव ने बताया कि आवेदक को अपनी प्रविष्टि में प्रदूषण नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, नष्ट होने वाले संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग, पर्यावरणीय आयोजन और प्रबंधन, पर्यावरणीय प्रभाव मूल्यांकन, पर्यावरण की समृध्दि के लिए उत्कृष्ट फील्ड कार्य जैसे पौधरोपण, भूमि सुधार, पर्यावरण शिक्षा,पर्यावरण के क्षेत्र में शोध कार्य आदि संबंधी प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत करना चाहिए।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.