नाई धोबी दुकान योजना

रजक-धोबी समाज छत्तीसगढ़ करेगा मुख्यमंत्री का अभिनंदन
छत्तीसगढ़ रायपुर, 02 जुलाई 2009 - रजक-धोबी समाज के लोगों को दुकान उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा नाई-धोबी दुकान योजना प्रारंभ करने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश रजक-धोबी समाज निकट भविष्य में समारोह पूर्वक उनका अभिनंदन करेगा।

मुख्यमंत्री निवास पर आज यहां आयोजित साप्ताहिक 'जनदर्शन' कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश रजक धोबी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रतिनिधि के रूप में आम जनता की समस्याएं सुन रहे छत्तीसगढ़ राज्य हस्त शिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी से मुलाकात की और धोबी समाज के हित में यह योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

प्रतिनिधि मंडल ने श्री भोजवानी से कहा कि धोबी समाज मुख्यमंत्री का अभिनंदन करना चाहता है। इसके लिए प्रतिनिधि मंडल ने समय प्रदान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से क्रियान्वित इस योजना के अंतर्गत बड़े गांवों में धोबी और नाई का परम्परागत व्यवसाय करने वाले लोगों के लिए एक लाख रूपए की लागत से दो संयुक्त दुकानों का एक भवन बनाया जा रहा है। इस भवन का निर्माण स्वर्ण जयंती ग्राम स्व-रोजगार योजना अथवा पिछड़ा क्षेत्र अनुदान कोष योजना की अधोसंरचना मद से कराया जा रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने रायपुर के मोती नगर बोरिया में धोबी रजक समाज के सामाजिक भवन के लिए दो लाख रूपए का स्वेच्छानुदान उपलब्ध कराने तथा आमापारा के पुराने धोबी तालाब के जीर्णोध्दार का कार्य प्रारंभ कराने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश रजक धोबी समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री सूरज निर्मलकर के नेतृत्व में आए प्रतिनिधि मंडल में सर्वश्री सोनू राम रजक, हीरालाल निर्मलकर, दलसाय रजक, मंगलराम निर्मलकर और सेवकराम रजक सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.