डॉ. रमन सिंह ने पुलिस अधीक्षक सहित सभी शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की
छत्तीसगढ़ नक्सल हिंसा के खिलाफ तमाम मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होने की जरूरत
छत्तीसगढ़ रायपुर, 12 जुलाई 2009 - छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगांव जिले के मानपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मदनवाड़ा के पास नक्सलियों द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री विनोद चौबे सहित अनेक जवानों की हत्या किए जाने की घटना की तीव्र निन्दा की है।
डॉ. रमन सिंह ने इस घटना में छत्तीसगढ़ शहीद पुलिस अधीक्षक श्री चौबे और अन्य शहीद जवानों के परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट करते हुए कहा है कि श्री चौबे सहित सभी शहीद जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए राज्य और देश के लिएर् कत्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति दी है। उनके परिवारजनों के शोक की इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं। श्री चौबे सहित हमारे इन जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और हम पुरजोर ताकत के साथ छत्तीसगढ़ से नक्सल हिंसा का सफाया करने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे।
डॉ. सिंह ने इस घटना में घायल जवानों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि हिंसक और अराजक मानसिकता वाले नक्सलियों में इतना नैतिक साहस नहीं है कि वे हमारे बहादुर पुलिस अधिकारियों और जांबाज जवानों का सामना कर सकें। इसलिए हताशा और बौखलाहट में वे हमेशा छुपकर वार करते हैं।
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नक्सलियों द्वारा छुपकर वार करने की एक कायरतापूर्ण, अमानवीय और घिनौनी हरकत है। नक्सलियों की ऐसी कायरतापूर्ण हरकतों के बावजूद हमारी पुलिस का मनोबल बहुत ऊंचा है। डॉ. सिंह ने सार्वजनिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों और संगठनों से अपील की है कि नक्सल हिंसा का मुकाबला करने के लिए हर प्रकार के वैचारिक तथा राजनीतिक मत-भेदों से ऊपर उठकर हम सबको एकजुट होने की जरूरत है, ताकि छत्तीसगढ़ एक शांतिपूर्ण माहौल में विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों तथा मानव अधिकारों में आस्था रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को नक्सल हिंसा की एक स्वर से निंदा करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से आज राजनांदगांव जिले में हुई नक्सल वारदात एक गंभीर घटना है। राज्य सरकार ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मैदानी स्तर पर और भी अधिक ठोस कार्रवाई करेगी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक सहित राज्य पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को इसके लिए व्यापक सतर्कतामूलक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. रमन सिंह ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को आज की वारदात के अपराधियों का सरगर्मी से पता लगाने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के भी निर्देश दिए हैं।
Comments
Post new comment