रायपुर, 27 जुलाई 2009 - छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के बस्तर संभाग में गीदम-बारसूर मार्ग पर गणेश बहार नाले के नजदीक नक्सलियों द्वारा कल शाम किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट की तीव्र निंदा करते हुए इस घटना में शहीद केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है। इस घटना में आधा दर्जन जवान शहीद और तीन जवान घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने घायल जवानों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। डॉ. सिंह ने आज यहां कहा कि यह वारदात नक्सलियों की कायरतापूर्ण मानसिकता का परिचायक है। उनमें इतना नैतिक साहस नहीं है कि वे हमारी पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों का सामना कर सकें। इसलिए वे हमेशा छुपकर वार करते हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि नक्सलियों की यह अराजक और हिंसक मानसिकता उन्हें अंतत: विनाश के मार्ग पर ले जाएगी और उन्हें कुछ भी हासिल नहीं होगा। इसलिए उनको हिंसा छोड़कर लोकतंत्र की मुख्य धारा में शामिल होना चाहिए। आज की दुनिया में किसी भी देश, समाज तथा राज्य के शांतिपूर्ण विकास के लिए लोकतंत्र के अलावा और कोई भी विकल्प नहीं है।
Comments
Post new comment