खेल मंत्री श्री अग्रवाल द्वारा नेट बॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की 12 टीमें शामिल
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां उत्तर पूर्वी अन्तर विश्वविद्यालयीन नेट बॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि विगत तीन वर्ष के दौरान राज्य में विभिन्न खेलो की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी है। इससे राज्य के खिलाड़ियों को अपने खेल में सुधार लाने के लिए बहुत कुछ सीखने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल को बढ़ावा देने के लिए अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य सरकार के इस दिशा में किए गए प्रयासों के भविष्य में सुखद परिणाम सामने आएंगे।
रायपुर, 02 अक्टूबर 2007 - स्थानीय पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. लक्ष्मण चतुर्वेदी ने की। अखिल भारतीय नेट बॉल एसोसिएशन के महासचिव श्री पी.एस. शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे । इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हिन्दी ग्रन्थ अकादमी के संचालक श्री रमेश नैय्यर, विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी व खिलाड़ी उपस्थित थे। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की 12 टीमें भाग ले रही हैं।
श्री अग्रवाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने आये खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जाहिर की कि प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करके अपनी संस्था का नाम रोशन करेंगे । श्री अग्रवाल सभी खिलाड़ियों को राज्य के प्रमुख पुरातात्विक स्थल सिरपुर का भ्रमण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अखिल भारतीय नेट बॉल एसोसिएशन के महासचिव श्री शर्मा ने कहा कि नेट बॉल का खेल अब बड़ी तेजी से देश में लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में सन् 2010 में आयोजित होने वाले कॉमन वेल्थ गेम्स में पहली बार नेट बॉल को शामिल किया गया है। भारत सरकार के खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार कॉमन वेल्थ गेम्स के लिए 40 खिलाड़ियों की भारतीय टीम का चयन करने की कार्यवाही चल रही है। टीम के खिलाड़ियों के चयन के पश्चात प्रशिक्षण देने के लिए आस्ट्रेलिया से कोच बुलाया जाएगा।
श्री शर्मा ने कहा कि मुझे बताया गया है कि खेल मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की व्यक्तिगत रूचि के कारण राज्य में खेल गतिविधियाँ बढ़ी हैं। राज्य सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। इनमें शासकीय सेवा में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्राथमिकता तथा नगद पुरस्कार देने के निर्णय उल्लेखनीय है। कुलपति डॉ. लक्ष्मण चतुर्वेदी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए की गयी व्यवस्थाओं की चर्चा इस अवसर पर की।
खेल मंत्री श्री अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।
Comments
Post new comment