टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिताएं होंगी

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के व्यवस्थित आयोजन के लिए अनेक निर्णय

रायपुर, 28 जुलाई 2009 - स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में यहां विधानसभा के समिति कक्ष-02 में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता समिति की बैठक में चालू शिक्षा सत्र के दौरान होने वाली राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं के सुव्यवस्थित आयोजन तथा स्कूली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में संचालक लोक शिक्षण संचालनालय श्री के.आर.पिस्दा, सहायक संचालक क्रीड़ा श्री कर्ष सहित सभी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालयों के अधिकारी उपस्थित थे।

टेनिस बाल क्रिकेट और जम्प रोप की भी प्रतियोगिताएं होंगी

नेशनल स्कूल गेम्स में सम्मिलित नए खेलों टेनिस बाल क्रिकेट तथा जम्प रोप को राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भी शामिल किया जाएगा। इन दोनों खेलों में 14 वर्ष, 17 वर्ष और 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक-बालिकाओं की प्रतियोगिताएं होंगी। इन खेलों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं राजधानी रायपुर में प्रस्तावित है। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में चर्चा के दौरान स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के सभी खिलाड़ी के मेडिकल सर्टीफिकेट बनाने के निर्देश दिए और कहा कि अगले महीने से आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के दौरान मेडिकल सर्टिफिकेट बना लिए जाएं । इन प्रतियोगिताओं के अवसर पर इसके लिए चिकित्सकों की व्यवस्था की जाएगी।

खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता 100 रूपए होगा

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियाें को दिए जाने वाले दैनिक भत्ते की राशि को 60 रूपए से बढ़ा कर 100 रूपए करने के लिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 60 रूपए दैनिक भत्ता मिल रहा है, जो पर्याप्त नहीं है। स्कूल शिक्षा मंत्री के इस निर्णय पर बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

दो नए खेल जोन बनेंगे

बैठक में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए भविष्य में दो नए खेल जोन बनाने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में पांच जोन रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा में खिलाड़ियों को शामिल कर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। एक वर्ष पूर्व इन प्रतियोगिताओं के लिए नौ जोन थे। पिछले साल चार जोन समाप्त कर दिए गए थे। आज की बैठक में अधिकारियों ने जोन की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया ताकि खिलाड़ी सुविधाजनक ढंग से प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने इस पर सहमति व्यक्त करते हुए दो नए खेल जोन राजनांदगांव और जशपुर बनाने के निर्देश दिए। नये जशपुर जोन में रायगढ़ तथा राजनांदगांव जोन में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.