मुख्यमंत्री निवास पर आठ अक्टूबर को 'जनदर्शन' नहीं होगा
रायपुर, 06 अक्टूबर 2009 - मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास पर यहां आगामी गुरूवार 08 अक्टूबर को सवेरे आम जनता से मुलाकात का उनका साप्ताहिक कार्यक्रम 'जनदर्शन' अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री इस दिन नई दिल्ली के प्रवास पर रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने श्री रामराज दुबे के निधन पर शोक व्यक्त किया
रायपुर, 06 अक्टूबर 2009 - मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर के निकटवर्ती ग्राम कूंरा के वरिष्ठ नागरिक श्री रामराज दुबे के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए उनके शोक संतप्त परिवार जनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। ज्ञातव्य है कि स्थानीय पत्रकार श्री शिव दुबे के पिता श्री रामराज दुबे का कल निधन हो गया।
मुख्यमंत्री ने सांसद श्री प्यारेलाल खण्डेलवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद श्री प्यारेलाल खण्डेलवाल के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी शोक संदेश में कहा है कि स्वर्गीय श्री खण्डेलवाल राष्ट्रवादी विचारों के प्रखर चिंतक और एक कर्मठ समाज सेवक थे, जिन्होंने जनता के बीच आजीवन राष्ट्रीय चेतना के प्रसार के लिए समर्पित होकर अपनी उल्लेखनीय सेवाएं दी।
डॉ. रमन सिंह ने स्वर्गीय श्री खण्डेलवाल के साथ अपने वर्षों पुराने आत्मीय संबंधों को याद करते हुए कहा कि उनका देहावसान मेरे लिए भी व्यक्तिगत रूप से एक गंभीर क्षति है। डॉ. सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देश के सार्वजनिक जीवन में स्वर्गीय श्री खण्डेलवाल का अत्यंत सम्मानजनक स्थान था। वे एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनीतिज्ञ तथा संवेदनशील जन-प्रतिनिधि थे।
डॉ. रमन सिंह ने स्वर्गीय श्री खण्डेलवाल के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। ज्ञातव्य है कि राज्यसभा सदस्य श्री खण्डेलवाल का आज नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया।
Comments
Post new comment