जगदलपुर वाणिज्यिक-कर विभाग वृत्त कार्यालय बस्‍तर

प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया उद्धाटन

रायपुर, 02 जुलाई 2009 - छत्‍तीसगढ़ लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री और जिले के प्रभारी श्री केदार कश्यप ने कल जगदलपुर में वाणिज्यिक-कर कार्यालय वृत्त दो का उद्धाटन किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि पुनर्गठन योजना के तहत वाणिज्यिक-कर कार्यालय वृत्त दो के यहां खुल जाने पर कार्य करने में आसानी होगी।

अब रायपुर तक दौड़ लगाने की जरूरत नहीं पडेग़ी। बस्तर का क्षेत्र विशाल होने के कारण कार्य करने में कठिनाई होती थी। व्यापारियों को धन और समय दोनों का नुकसान होता था। अब यहां जगदलपुर मेें ही यह सुविधा प्राप्त हो जायेगी। उन्होंने उम्मीद जतायी कि वाणिज्यिक-कर अर्जन में बस्तर वृत्त दो का प्रथम स्थान होगा। उन्होंने कहा कि यहां व्यापारियों की संख्या अधिक है। वहीं एस्सार, टाटा और एन.एम.डी.सी. जैसे बड़े उद्योगों की स्थापना होने से कर अधिक मिलेगा। इसी अनुक्रम में बस्तर वृत्त दो भी पूरे प्रदेश में वाणिज्यिक-कर अर्जन संग्रहण में प्रथम स्थान अर्जित करेगा। मंत्री श्री कश्यप ने व्यापारियों के साथ ही अधिकारीयों-कर्मचारियों को भी शुभकामनायें दी।

वाणिज्यिक-कर अधिकारी वृत्त दो श्री बी.एल.राणा ने प्रतिवेदन पढ़ा। बस्तर चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री किशोर पारख श्री पुखराज बोथरा तथा श्री प्रवीण लोटिया ने भी इस वृत्त दो कार्यालय के प्रारंभ हो जाने पर खुशी जाहिर की और कहा कि अब समस्त वाणिज्यिक-कर के कार्य आसानी से जगदलपुर में ही निपटाया जा सकेगें।

सहायक आयुक्त वाणिज्यिक-कर श्री एच.एल.हिडको ने धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर उपाध्यक्ष बस्तर विकास प्राधिकरण एवं विधायक चित्रकोट श्री बैदूराम कश्यप,बस्तर विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, नगरनिगम महापौर श्रीमती गीतेश मल्ल सभापति नगरनिगम श्री योगेन्द्र पाण्डे, प्रभारी कलेक्टर श्रीमती आर. संगीता सहित वाणिज्यिक-कर अधिकारी श्री सी.आर.महिलांगे, श्री एस.आर.शोरी, श्री नेताम सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी, उद्योगपति कर सलाहकार उपस्थित थे।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.