छत्तीसगढ़ कैथलैब और हीमो डायलिसिस

राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में भी अब कैथलैब और हीमो डायलिसिस की सुविधा
हृदय रोग और किडनी के मरीजों को मिलेगा इनका फायदा
राज्यपाल श्री नरसिम्हन आज करेंगे लोकार्पण

रायपुर, 03 नवम्बर 2009 राज्य सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ की जनता को चिकित्सा के क्षेत्र में कल 4 नवम्बर को चिकित्सा के क्षेत्र में यहां दो महत्वपूर्ण सुविधाओं की सौगात मिलने जा रही है। राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हन और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल चार तारीख को सवेरे 11 बजे डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल के मेडिसिन विभाग में बहुप्रतीक्षित कैथलैब और हीमो डायलिसिस यूनिट जनता को सौंपेगे।

उल्लेखनीय है कि यह छत्तीसगढ़ में सात सौ बिस्तरों का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां हृदय रोग और किडनी के मरीजों के लिए इन दोनों जरूरी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत पिछले कई वर्षों से महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री की विशेष पहल और स्वास्थ्य मंत्री श्री अमर अग्रवाल की निरन्तर सक्रियता से अब जनता की यह जरूरत पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा कैथलैब की स्थापना के लिए स्वास्थ्य विभाग को चार करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी।

अम्बेडकर अस्पताल में हृदय रोगियों के लिए कैथलैब और किडनी के मरीजों के लिए डायलिसिस मशीन के लोकार्पण समारोह में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल, पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, लोक सभा सासंद रायपुर श्री रमेश बैस और रायपुर नगरनिगम के महापौर श्री सुनील सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इन दोनों यूनिटों के शुरू हो जाने पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल छत्तीसगढ़ का ऐसा पहला सरकारी अस्पताल जाएगा, जहां हृदय रोग और किडनी के इलाज की अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। कैथलैब यूनिट के शुरू हो जाने पर अब हृदय रोग के मरीजों को इलाज के सभी सुविधा रियायती दर पर उपलब्ध होगी। अभी तक छत्तीसगढ़ के हृदय रोग के मरीज को इलाज और जांच के लिए प्रदेश के निजी अस्पताल अथवा प्रदेश के बाहर के अस्पतालों में जाना पड़ता था, अब हृदय रोग के इलाज की सभी सुविधाएं इस अस्पताल में उपलब्ध होगी। कैथलैब में हृदय रोग के इलाज के लिए महत्वपूर्ण जांच एंजियोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां अब हृदय में खून के संचार के अवरोध को दूर करने के लिए एंजियोप्लास्टी भी किया जा सकेगा। इसी तरह किडनी रोगियों के लिए हीमो डायलिसिस की सुविधा भी मिल जाएगी।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.