सरगुजा छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को मिलेगा प्रति क्विंटल न्यूनतम डेढ़ सौ रूपए का भुगतान
किसान क्रेडिट कार्ड पर प्रति हेक्टेयर 35 हजार रूपये का ऋण गन्ने की खेती के लिए
रायपुर, 23 अक्टूबर 2009 - छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के ग्राम केरता में तेजी से निर्माणाधीन मॉ महामाया सहकारी शक्कर कारखाने में गन्ना पहुँचाने पर किसानों को प्रति क्विन्टल न्यूनतम डेढ़ सौ रूपये के हिसाब से भुगतान मिलेगा। इसके साथ ही गन्ना उत्पादन के लिये किसानों को गन्ना बीज पर अच्छी सब्सिडी दी जाएगी। यह निर्णय अम्बिकापुर में कलेक्टर और शक्कर कारखाने के अध्यक्ष डॉ. कमलप्रीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कारखाने की समीक्षा बैठक में लिया गया।
कलेक्टर ने शक्कर कारखाने के निर्माण से जुड़े सिविल और मशीनरी के ठेकेदारों की भी बैठक लेकर उन्हें लम्बित कार्यों को 30 नवम्बर तक पूर्ण करने की सख्त हिदायत दे दी है।
बैठक में बताया गया कि गन्ना उत्पादक किसानों के द्वारा सीधे शक्कर कारखाने में गन्ना पहुँचाने पर प्रति क्विन्टल दूरी के हिसाब से 150 से 160 रूपये प्रति क्विन्टल का भुगतान किया जायेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि शक्कर कारखाना प्रबंधन द्वारा गन्ना बीज के लिये किसानों को 25 लाख रूपए का अनुदान भी दिया जाएगा। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड पर प्रति हेक्टेयर 35 हजार रूपये का ऋण गन्ने की खेती के लिए किसानों को दिया जाएगा। शक्कर कारखाने के लिये अनुबंधित किसानों का गन्ना बाहर नहीं ले जाया जा सकेगा। बैठक में शक्कर कारखाने के प्रबंध संचालक एवं अपर कलेक्टर श्री एच. एल. नायक, उप पंजीयक सहकारिता श्री के. एन. काण्डे सहित कृषि, सहकारिता, सहकारी बैंक एवं कारखाने से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
Comments
Post new comment