उद्योगों की बिजली कटी

पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर तीन उद्योगों की बिजली काटी गई
रायपुर, 04 जुलाई 2009 - राज्य के विभिन्न उद्योगों में पर्यावरण नियमों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों द्वारा छापामार शैली में निरीक्षण का विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

मंडल के उड़नदस्ते ने बीती रात राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक प्रक्षेत्र में स्थित कार्पोरेट इस्पात में अचानक पहुंच कर वहां पर्यावरण नियमों के उल्लंघन को देख कर इस कारखाने की बिजली काट दी। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव श्री पी.व्ही. नरसिंग राव ने आज यहां बताया कि इसे मिलाकर मंडल के छापामार निरीक्षण में विगत लगभग एक माह में सिलतरा औद्योगिक प्रक्षेत्र के तीन उद्योगों की बिजली काटी जा चुकी है।

इनमें से सत्यार्थ स्टील की बिजली नौ जून को और एन.आर.स्पंज की बिजली पन्द्रह जून को काटी गई है। उन्होंने बताया कि उद्योगों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के विभिन्न मानकों का गंभीरता से पालन नहीं करने पर संबंधित उद्यमियों के विरूध्द यह कार्रवाई की गई है।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.