उच्च शिक्षा मंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया

उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने आज यहां कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया तथा अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता विश्वविद्यालय का भवन प्रदेश में उत्कृष्टता की मिसाल बने ऐसा प्रयास करना चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्धारित अवधि में भवन निर्माण कराने तथा समुचित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए।

डॉ. बांधी ने भवन के लिए आवश्यक बिजली, पानी, जल निकासी, फर्नीचर आदि के लिए अभी से वित्तीय प्रावधान के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में भू-जल संरक्षण तथा वाटर हार्वेस्टिंग के उपाय करने के निर्देश दिए।

डॉ. बांधी ने भवन के लेआऊट प्लान का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य भवन के अलावा विद्यार्थियों के लिए 120 सीटों की क्षमता का हॉस्टल, मेस, पुस्तकालय, अतिथि विश्राम गृह, अधिकारियों तथा कर्मचारियों के लिए आवासीय गृह तथा मनोरंजन के लिए केन्द्र बनाया जाएगा।

डॉ. बांधी ने वहां उपस्थित सरपंच तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि विश्वविद्यालय के निर्माण से आस-पास के गांवों में पढ़ाई का अच्छा माहौल बनेगा। उन्होंने प्रतिनिधियों को इस संबंध में सहयोग करने का आग्रह किया। इस अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री लक्ष्मण चतुर्वेदी, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सच्चिदानंद जोशी, अपर संचालक जनसम्पर्क श्री आलोक अवस्थी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेनीय है कि काठाडीह ग्राम में स्थित पत्रकारिता विश्वविद्यालय का भवन 17 हजार वर्गफीट में बन रहा है। 4 करोड़ 14 लाख रूपए की लागत से बनने वाले इस भवन में तीन तल रहेंगे। भवन निर्माण की अवधि 18 माह निर्धारित है।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.