आखिरी घर तक रोशनी पहुंचाने

आखिरी घर तक रोशनी पहुंचाने का संकल्प लें : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने त्यौहारों पर दी बधाई और शुभकामनाएं

रायपुर, छत्तीसगढ़, 14 अक्टूबर 2009 - छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जनता को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि सामाजिक समरसता की भावना से परिपूर्ण इन त्यौहारों के मौके पर हम सबको समाज की सबसे अंतिम पंक्ति के सबसे आखिरी घर तक खुशहाली की रोशनी पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारी महान भारतीय संस्कृति में आयुर्वेद चिकित्सा पध्दति के संस्थापक भगवान धनवंतरी की जयंती 'धनतेरस' के रूप में मनाई जाती है। उनकी पूजा-अर्चना के माध्यम से हम सब दुनिया की इस सबसे पुरानी चिकित्सा पध्दति के प्रति अपना सम्मान प्रकट करते हैं।

यह दिन किसानों और मजदूरों सहित समाज के सभी मेहनतकश लोगों के जीवन में धन-धान्य की वर्षा करने की कामना का भी एक प्रमुख अवसर होता हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ज्योति पर्व दीपावली वास्तव में मानव जीवन में निराशा के अंधकार पर आशा के प्रकाश की विजय का लोकोत्सव है।

लक्ष्मी पूजन के साथ यह प्रत्येक मनुष्य के जीवन में सुख-समृध्दि की कामना का भी एक महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा के माध्यम से हम कृषि-संस्कृति तथा ऋषि-संस्कृति पर आधारित भारतीय समाज में गौवंश के उपकारों के प्रति आभार प्रकट करते हैं, वहीं भाईदूज का पर्व भाई-बहनों के परस्पर, प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। डॉ. रमन सिंह ने इन त्यौहारों के मौके पर सभी लोगों के जीवन में तरक्की और खुशहाली की कामना की है।

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.