अवैध शराब दुकान बंद नहीं होने पर डीईओ के विरूध्द कार्रवाई होगी - श्री अमर अग्रवाल
आबकारी से 376 करोड़ रूपए का राजस्व
वाणिज्यिक कर मंत्री द्वारा आबकारी राजस्व प्राप्ति की समीक्षा
रायपुर, 16 जुलाई 2009 - वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने गांवों में चल रहे अवैध शराब दुकानों को तत्काल बंद करने के निर्देश आबकारी अधिकारियों को दिए हैं। श्री अग्रवाल ने आज यहां वाणिज्यिक कर भवन में आबकारी अधिकारियों की बैठक में गांवों में चल रहे अवैध शराब दुकानों की शिकायत को गंभीरता से लिया और जिला आबकारी अधिकारियों को इन दुकानों को बंद करने के लिए पन्द्रह दिनों का समय दिया है।
उन्होंने कहा कि उनके निर्देशों के बावजूद अधिकारियों द्वारा अवैध शराब दुकानों को बंद करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई, यह बहुत आपत्तिजनक है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में अवैध शराब दुकान चलने की शिकायत मिलने पर संबंधित जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ बिना स्पष्टीकरण लिए सीधे कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सचिव और आयुक्त आबकारी श्री गणेश शंकर मिश्रा भी उपस्थित थे।
श्री अमर अग्रवाल ने बैठक में चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में आबकारी से प्राप्त राजस्व की संभागवार और जिलेवार समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि एक अप्रैल 09 से 30 जून 09 तक आबकारी से 376 करोड़ 53 लाख रूपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह पहली तिमाही के लिए निर्धारित लक्ष्य 287 करोड़ 41 लाख रूपए की तुलना में 31 प्रतिशत ज्यादा है। श्री अग्रवाल ने कबीरधाम और कोरिया जिले में राजस्व कम मिलने पर राज्यस्तरीय उड़नदस्ते के प्रभारी को वहां जाकर वस्तुस्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरिया और कबीरधाम के जिला आबकारी अधिकारियों को भी राजस्व बढ़ाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। बिलासपुर स्थित वेलकम डिस्लरी द्वारा मांग और समय अनुसार लिकर की आपूर्ति नहीं किए जाने की जानकारी दिए जाने पर श्री अग्रवाल ने कहा कि वेलकम डिस्लरी को नोटिस देकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस डिस्लरी की मदिरा की गुणवत्ता की भी जांच कराई जाए।
वाणिज्यिक कर मंत्री ने मनोरंजन कर और केबल से प्राप्त राजस्व की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि राज्य शासन द्वारा एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में छविगृहों को मनोरंजन शुल्क से छूट दिए जाने के कारण मनोरंजन कर से कम आय प्राप्त हुई है। टी.व्ही. केबल कनेक्शन से प्राप्त आय की समीक्षा के दौरान श्री अग्रवाल ने इससे प्राप्त होने वाले आय पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में एक लाख केबल कनेक्शन बताया जा रहा है, ये आंकड़े सही नहीं हो सकते। उन्होंने सभी जिला आबकारी अधिकारियों को केबल कनेक्शन का फिर से सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पेइंग चैनलों से जानकारी प्राप्त कर इसका सत्यापन किया जाए।
आबकारी विभाग के सचिव और आयुक्त श्री गणेश शंकर मिश्रा ने बताया कि मनोरंजन शुल्क को छोड़कर अन्य सभी मदों में राजस्व की वृध्दि हुई है। श्री मिश्रा ने जिला आबकारी अधिकारियों से कहा कि मंत्री जी के निर्देशों के अनुरूप अवैेध शराब दुकानों को बंद करने की तत्काल कार्रवाई करें। यदि अवैध शराब दुकाने बंद नहीं होती तो आबकारी अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। बैठक में विभाग के अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त और सभी जिलों के जिला आबकारी अधिकारी उपस्थित थे।
Comments
Post new comment