रायपुर, 02 जुलाई 2009 - अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग तथा राज्य लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जानकारी देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में आगामी शनिवार 4 जुलाई को यहां दो दिवसीय सेमीनार का आयोजन किया जा रहा है।
यह सेमीनार पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागृह में चार जुलाई को सवेरे 10 बजे शुरू होगा। इसमें प्रथम दिवस पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों सहित संघ लोक सेवा आयोग की वर्ष 2008 की परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर चुकी छत्तीसगढ़ की श्रीमती किरण कौशल को भी मार्गदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया है।
उनके अलावा पांच जुलाई को दिल्ली से आमंत्रित विषय-विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। यह सेमीनार राज्य शासन के आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा दिल्ली एजुकेशन सेंटर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा राज्य के अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग तथा राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी के लिए इस संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
Comments
Post new comment